Haldwani Violence: 50 साल की बुजुर्ग और मां-बेटी समेत पांच महिलाएं गिरफ्तार, हिंसा में पथराव और आगजनी का आरोप
1 min read
Haldwani Violence News: बनभूलपुरा क्षेत्र के मलिक का बगीचा में 8 फरवरी को अतिक्रमण हटाने के दौरान उपद्रवियों ने पुलिस, प्रशासन, नगर निगम और मीडियाकर्मियों पर पथराव किया था। इसके साथ ही आगजनी और गोलीबारी की हिंसक घटना भी की।

हल्द्वानी के बनभूलपुरा हिंसा मामले में पुलिस ने 50 साल की बुजुर्ग महिला और मां-बेटी सहित कुल पांच महिलाओं को गिरफ्तार किया है। उन पर पथराव, आगजनी और लोक सेवकों को जान से मारने की कोशिश का आरोप है। पुलिस ने महिलाओं पर बलवा सहित घटना के लिए साजिश करने और आग से नुकसान पहुंचाने की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। अब गिरफ्तार उपद्रवियों की संख्या 89 हो गई है।
एसएसपी कैंप कार्यालय में एसएसपी प्रहलाद नारायण मीणा ने शुक्रवार को पत्रकार वार्ता में बताया कि बनभूलपुरा क्षेत्र के मलिक का बगीचा में 8 फरवरी को अतिक्रमण हटाने के दौरान उपद्रवियों ने पुलिस, प्रशासन, नगर निगम और मीडियाकर्मियों पर पथराव किया था। इसके साथ ही आगजनी और गोलीबारी की हिंसक घटना भी की।
इस पर बनभूलपुरा थाने में तीन मुकदमे दर्ज कराए गए थे। मुकदमा संख्या 23/24 नगर निगम की ओर से दर्ज कराया गया था। इसके बाद पुलिस ने पहले मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ ही करीब 84 उपद्रवियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
