
मसूरी में हो रही लगातार भारी बारिश के बीच रविवार मध्य रात्रि माल रोड स्थित गढ़वाल टैरेस के समीप एक पेड़ अचानक गिर गया। पेड़ गिरने से सड़क किनारे लगी रेलिंग क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि इसकी चपेट में आने से होटल सूर्य किरण की छत को भी नुकसान पहुंचा है।
होटल के स्वामी अजय भार्गव ने बताया कि घटना रात ढाई बजे की है। पेड़ गिरने से उनके होटल और गाड़ी को नुकसान हुआ है, गनीमत रही कि किसी पर्यटक को नुकसान नही पहुंचा है।
बता दें कि शहर में हो रही बारिश और पेड़ के अंदर से खोखला होने के कारण घटना हुई है। मध्य रात्रि अचानक पेड़ के माल रोड में गिर पड़ा और आधा पेड़ होटल की छत पर जा अटका। पेड़ गिरने से तेज आवाज हुई, जिससे आसपास के लोगों में भी अफरा-तफरी मच गई।