4 February 2026

Hemkund Sahib: आज बंद होंगे हेमकुंड साहिब और लोकपाल लक्ष्मण मंदिर के कपाट, पूरा क्षेत्र बर्फ से ढका

1 min read

Hemkund Sahib Yatra 2025: सिखों के पवित्र स्थल हेमकुंड साहिब में शुक्रवार को इस साल की अंतिम अरदास की जाएगी। इसके बाद शीतकाल के लिए कपाट बंद कर दिए जाएंगे।

Hemkund Sahib and Lokpal Laxman Temple Doors closed for winter 2025 today

हेमकुंड साहिब के कपाट 10 अक्तूबर शुक्रवार को दोपहर दो बजे शीतकाल के लिए बंद कर दिए जाएंगे। हेमकुंड साहिब ट्रस्ट की ओर से इसकी सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इसके साथ ही लोकपाल लक्ष्मण मंदिर के कपाट भी बंद हो जाएंगे। वहीं पिछले दिनों हुई बर्फबारी से पूरा क्षेत्र बर्फ से ढका हुआ है।

सिखों के पवित्र स्थल हेमकुंड साहिब में शुक्रवार को इस साल की अंतिम अरदास की जाएगी। इसके बाद शीतकाल के लिए कपाट बंद कर दिए जाएंगे। कपाट बंद होने के साक्षी बनने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु घांघरिया पहुंच गए हैं। कपाट बंद होने की प्रक्रिया सुबह 10 बजे सुखमणी साहिब के पाठ के बाद शुरू होगी।

हेमकुंड साहिब ट्रस्ट के अध्यक्ष नरेंद्रजीत सिंह बिंद्रा ने बताया कि सुखमणी साहिब के पाठ के बाद कपाट बंद होने की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। कीर्तन के बाद गुरुग्रंथ साहिब को सचखंड में सुशोभित करने के बाद दोपहर एक बजे शीतकाल के लिए कपाट बंद कर दिए जाएंगे।

Hemkund Sahib and Lokpal Laxman Temple Doors closed for winter 2025 today

वहीं लोकपाल लक्ष्मण मंदिर के कपाट दोपहर 12 बजकर 31 मिनट पर बंद कर दिए जाएंगे। लक्ष्मण लोकपाल मंदिर और हेमकुंड साहिब गुरुद्वारा एक ही परिसर में विराजमान हैं। वहीं अभी तक हेमकुंड साहिब में दर्शन के लिए दो लाख 72 हजार श्रद्धालु पहुंचे।

139 दिन चली यात्रा

इस साल हेमकुंड साहिब के कपाट 25 मई को खोले गए थे और आज 10 अक्तूबर को बंद हो रहे हैं। इस तरह हेमकुंड साहिब की यात्रा इस साल 139 दिन चली।