Nepal Accident: दुर्घटना में मारे गए 27 भारतीयों के शवों का हो रहा पोस्टमार्टम, विशेष विमान से लाए जाएंगे भारत

1 min read

नेपाल बस दुर्घटना में मारे गए 27 भारतीय तीर्थयात्रियों के शवों का बागमती के एक अस्पताल में पोस्टमार्टम चल रहा है। पोस्टमार्टम के बाद शवों को वायुसेना के विशेष विमान से महाराष्ट्र लाया जाएगा।

nepal bus accident Autopsy underway of 27 Indians killed after transport bodies to maharashtra
नेपाल बस दुर्घटना में मारे गए 27 भारतीय तीर्थयात्रियों के शवों का नेपाल के बागमती के एक अस्पताल में पोस्टमार्टम चल रहा है। पोस्टमार्टम के बाद शवों को वायुसेना के विशेष विमान से महाराष्ट्र लाया जाएगा। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, शवों का पोस्टमार्टम बागमती प्रांत के चितवन जिले के भरतपुर स्थित अस्पताल में किया जा रहा है। शुक्रवार को मुंबई में महाराष्ट्र राज्य सरकार की एक विज्ञप्ति में कहा गया कि भारतीय वायु सेना का एक विमान आज शवों को नासिक लेकर आएगा।

शुक्रवार को हुआ था बस हादसा
पुलिस ने बताया कि, उत्तर प्रदेश के गोरखपुर से 43 यात्रियों को लेकर बस नेपाल के पोखरा से राजधानी काठमांडू जा रही थी, जिसमें चालक और दो सहायक शामिल थे। दोपहर के समय तनहुन जिले में मार्सयांगडी नदी के किनारे आंबू खैरेनी क्षेत्र में यह दुर्घटना हुई। नेपाल के सशस्त्र पुलिस बल (एपीएफ) के उप प्रवक्ता शैलेंद्र थापा ने बताया कि 16 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 11 ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। उन्होंने कहा कि घायल हुए 16 लोगों को हवाई मार्ग से काठमांडू ले जाया गया और त्रिभुवन विश्वविद्यालय शिक्षण अस्पताल में भर्ती कराया गया।

दुर्घटना की वजह अभी तक साफ नहीं
दुर्घटना का कारण अभी पता नहीं चल पाया है। दुर्घटना स्थल काठमांडू से लगभग 90 किलोमीटर पश्चिम में राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, बस में सवार यात्री 104 भारतीय तीर्थयात्रियों के समूह का हिस्सा थे, जो दो दिन पहले नेपाल की यात्रा के लिए तीन बसों में महाराष्ट्र से नेपाल पहुंचे थे। अधिकारियों ने बताया कि पीड़ित मुंबई से 470 किलोमीटर दूर जलगांव जिले के वरनगांव, दरियापुर, तलवेल और भुसावल इलाके के रहने वाले थे।

केंद्रीय मंत्री रक्षा खडसे और नेपाल के गृह मंत्री रमेश लेखाक शनिवार को काठमांडू के त्रिभुवन यूनिवर्सिटी एजुकेशन अस्पताल पहुंचे और वहां बस हादसे में घायल लोगों से मुलाकात की। शुक्रवार को हुए बस हादसे में 16 लोग घायल हुए थे, जिन्हें एयर लिफ्ट कर काठमांडू लाया गया था, जहां त्रिभुवन अस्पताल में ही उनका इलाज चल रहा है।

नेपाल से भारत-नेपाल सीमा के लिए शव वाहन रवाना
नेपाल बस हादसा में मारे गए कुशीनगर के बस ड्राइवर मुर्तजा और कंडक्टर रामजीत के शव पोस्टमार्टम के बाद नेपाल के चितवन से वाहन द्वारा नेपाल-भारत सीमा के लिए रवाना हो गए हैं। सभी यात्रियों को पुलिस एस्कॉर्ट और एडीएम की निगरानी में गोरखपुर लाया जा रहा है। सीमा पर सभी यात्रियों के लिए भोजन और पानी की व्यवस्था की गई है। 51 यात्रियों के महराजगंज पहुंचने पर उनके भोजन और पानी की व्यवस्था कर उन्हें गोरखपुर भेजा जाएगा। महराजगंज प्रशासन ने सीमा पर 6 शव वाहन, 11 एंबुलेंस और एक 42 सीटर की व्यवस्था की है। महाराष्ट्र के 25 यात्रियों के शव पोस्टमार्टम के बाद नेपाल से महाराष्ट्र हवाई मार्ग से लाए जाएंगे।

Copyright, Uttarakhand First,Design & Develop by Manish Naithani 9084358715 ©2023 All rights reserved. | Newsphere by AF themes.